उत्तर प्रदेश के बिजनौर में प्रस्तावित मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी जसजीत कौर ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा के साथ सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं के दृष्टिगत प्रस्तावित सभास्थल का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 2 मई 2026 को बिजनौर भ्रमण कार्यक्रम के तहत अफजलगढ़ के निकट ग्राम आलमपुर गांवड़ी स्थित विधायक बढ़ापुर के फार्म हाउस को सभास्थल के रूप में प्रस्तावित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान डीएम जसजीत कौर ने हेलीकॉप्टर लैंडिंग स्थल, सभास्थल, प्रेस गैलरी, सेफ हाउस, पार्किंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुसार समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट स्मृति मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) समेत लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से साफ निर्देश दिए गए हैं कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
