Monday, 24 August 2026 LIVE NEWS

बिहार में कौन बनेगा नया मुख्यमंत्री? 10 अप्रैल को दिल्ली में BJP की बड़ी बैठक, नए CM के नाम पर लग सकती है मुहर

09 Apr 2026 · 06:27 AM ·

बिहार की राजनीति में इस समय सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने की प्रक्रिया के बीच बिहार में सत्ता परिवर्तन की चर्चाएं तेज हो गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 10 अप्रैल को दिल्ली में एक अहम बैठक बुलाई है, जिसमें बिहार के नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।सूत्रों के अनुसार इस हाई लेवल बैठक में बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व और बिहार के वरिष्ठ नेताओं के बीच मंथन होगा। बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम, सरकार गठन की रणनीति और NDA के भीतर समन्वय जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद NDA अपने नए नेता का चुनाव करेगा। राजनीतिक गलियारों में कई बड़े नामों की चर्चा जोरों पर है। बिहार बीजेपी के प्रमुख चेहरों में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम मुख्यमंत्री पद की दौड़ में बताए जा रहे हैं। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक किसी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि बीजेपी इस बार बिहार में अपना मुख्यमंत्री बनाकर नया राजनीतिक संदेश देना चाहती है। अगर ऐसा होता है तो यह बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जाएगा क्योंकि लंबे समय से नीतीश कुमार राज्य की सत्ता के केंद्र में रहे हैं।इधर NDA के सहयोगी दलों की भी नजर इस बैठक पर टिकी हुई है, क्योंकि नए मुख्यमंत्री के चयन के साथ ही बिहार में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ होगा। बताया जा रहा है कि 10 अप्रैल की बैठक के बाद किसी भी समय नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हो सकती है और शपथ ग्रहण समारोह की तारीख भी तय की जा सकती है।अब पूरे बिहार की निगाहें दिल्ली में होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि आने वाले समय में बिहार की कमान किस नेता के हाथों में होगी।