Monday, 24 August 2026 LIVE NEWS

हाथरस की बेटियों का सम्मान: साधना और वंदना वार्ष्णेय का भव्य स्वागत समारोह

04 May 2026 · 12:06 PM ·

उत्तर प्रदेश के हाथरस में प्रतिभाशाली बेटियों साधना वार्ष्णेय और वंदना वार्ष्णेय का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम से लौटने के बाद शहर में उनका जोरदार अभिनंदन किया गया।

युवा जोश ग्रुप (रजि.) के तत्वावधान में जामा मस्जिद चौराहा स्थित भारत कलर लैब पर आयोजित समारोह में टीम अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय (सहपऊ वाले) और रमन गुप्ता सहित समाज के गणमान्य लोगों ने माला, दुपट्टा, प्रतीक चिन्ह एवं मिठाई खिलाकर दोनों बहनों का सम्मान किया।

दोनों बहनों ने लखनऊ में आयोजित “विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट” कार्यक्रम के तहत विधानसभा भवन तक पहुंचकर शानदार प्रदर्शन किया। यह अवसर उन्हें तीन दिवसीय बजट सत्र के दौरान आयोजित त्रिस्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मिला।

यह प्रतिष्ठित आयोजन नेहरू युवा केंद्र, हाथरस के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना और उन्हें राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।

विधानसभा भवन में प्रवेश का अनुभव दोनों के लिए बेहद खास और यादगार रहा। उन्होंने लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

साधना और वंदना वार्ष्णेय ने न सिर्फ अपने परिवार और शहर का नाम रोशन किया, बल्कि वार्ष्णेय समाज का भी गौरव बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी की बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है।

इस अवसर पर अनिल वार्ष्णेय, हरिराम वार्ष्णेय, डॉ. इंद्र वार्ष्णेय, स्वदेश वार्ष्णेय, नरेंद्र वार्ष्णेय, अनीता वार्ष्णेय, आशा वार्ष्णेय, तरुण पंकज, रवि वार्ष्णेय, हर्ष वार्ष्णेय सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।